वाराणसी। त्योहारों की तैयारियों के बीच सूखे मेवों की बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। प्याज और चीनी के दामों में तेजी के बाद अब काजू, बादाम और पिस्ता समेत अन्य ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी बताई जा रही है। महाराष्ट्र की नवी मुंबई स्थित वाशी थोक मंडी समेत गुजरात और अन्य प्रमुख बाजारों में पिछले कुछ दिनों में सूखे मेवों के दाम में करीब 20 से 80 फीसदी तक उछाल आने की जानकारी सामने आई है। पुणे के बाजार में भी बीते 15 दिनों में काजू, बादाम और पिस्ता के भाव में लगभग 100 से 300 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है।
बाजार में काजू के दाम करीब 150 से 250 रुपये, बादाम के 100 से 200 रुपये और पिस्ता के भाव में 200 से 300 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि बताई जा रही है। कारोबारियों के अनुसार रक्षाबंधन, गणेशोत्सव और आगामी दीपावली को लेकर सूखे मेवों की मांग बढ़ने से बाजार पर दबाव बढ़ा है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से आवक प्रभावित होने, थोक मंडियों में सीमित स्टॉक और परिवहन लागत में वृद्धि को भी कीमतों में तेजी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
सूखे मेवों की बढ़ती कीमतों का असर मिठाई कारोबारियों से लेकर घरेलू खरीदारों तक दिखाई देने लगा है। त्योहारों में मिठाइयों और पकवानों में काजू-बादाम व अन्य मेवों की खपत बढ़ने के कारण बढ़े हुए दाम सीधे घरेलू बजट को प्रभावित कर सकते हैं। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मांग और आपूर्ति की स्थिति के अनुसार कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है।











