वाराणसी। डोडा जिला में भारतीय सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर जाने से कई वीर जवानों के शहीद होने की खबर अत्यंत हृदयविदारक और पीड़ादायक है। इस दुखद हादसे ने पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया है।
शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि यह घटना अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। कांग्रेस परिवार इस कठिन घड़ी में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि बाबा विश्वनाथ दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें। साथ ही, इस दुर्घटना में घायल हुए सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

अजय राय ने कहा कि हमारे जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं और राष्ट्र की एकता, अखंडता व सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते। उनका यह सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। पूरा राष्ट्र इन वीर सपूतों के शौर्य, साहस और त्याग को नमन करता है। देश आपके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।









