वाराणसी, 4 अक्टूबर। चितईपुर थाना क्षेत्र की राजेंद्र विहार कॉलोनी में महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.5 ग्राम वजन की पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त नीले-काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह राजेंद्र विहार कॉलोनी में एक महिला घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गले से चेन छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की।
3 अक्टूबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल के साथ डीएलडब्ल्यू की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के पास मौजूद हैं। सूचना पर सुंदरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम और क्राइम टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स राजभर (19), किशन लाल गुप्ता (20), कृष्णा (22) और चन्दन (26) के रूप में हुई है। इनमें प्रिन्स, किशन लाल और कृष्णा ककरमत्ता न्यू कॉलोनी के रहने वाले हैं, जबकि चन्दन चंदौली के अलीनगर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में चितईपुर क्षेत्र में रह रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा, अवनीश कुमार, रवि चौहान, जितेंद्र कुमार, विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल तथा आरक्षी सौरभ शुक्ला, सूरज मिश्रा और बृजेश राय शामिल रहे।










