वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां चलती ऑटो में चालक की ब्लेड से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। सोमवार रात सुंदरपुर–नेवाद मार्ग पर मधुबन लॉन के पास चल रही ऑटो में अचानक सवार एक युवक ने चालक की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ऑटो सड़क किनारे रुक गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। हत्या के बाद आरोपी विष्णु यादव पास ही स्थित एक मिठाई की दुकान में छिप गया। सूचना मिलते ही चितईपुर, भेलूपुर और लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण करने को कहने पर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और एक सिपाही की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर डीसीपी क्राइम एवं एडीसीपी काशी जोन मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। घटना और मुठभेड़ के बाद सुंदरपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होते ही उससे पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।









