Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » खेल प्रतिभाओं को अंतरविश्वविद्यालयीय मंच देगा संस्कृत विश्वविद्यालय

खेल प्रतिभाओं को अंतरविश्वविद्यालयीय मंच देगा संस्कृत विश्वविद्यालय

Share this post:

 

 

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को अंतरविश्वविद्यालयीय स्तर पर मंच देने की पहल तेज कर दी है। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम घोषित किया गया है। चयनित खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम गठित कर उन्हें जोनल एवं अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया जाएगा।

कुलसचिव राकेश कुमार ने विभागाध्यक्षों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को प्रतिभावान खिलाड़ियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के साथ तीरंदाजी, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कुश्ती, योगासन, कराटे, सांसद खेल-कूद तथा फिट इंडिया खेल-कूद प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है।

प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम

वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता 10 अक्टूबर, तीरंदाजी 5 अक्टूबर, बॉक्सिंग 7 अक्टूबर और कराटे प्रतियोगिता 12 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। ताइक्वांडो की प्रतियोगिता 15 दिसंबर तथा कुश्ती की प्रतियोगिता 18 दिसंबर को होगी। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का चयन किया जाएगा।

जोनल एवं अखिल भारतीय अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के लिए तीरंदाजी का आयोजन तेजपुर विश्वविद्यालय, असम में 15 से 22 दिसंबर, बॉक्सिंग का गल्गोटियास विश्वविद्यालय में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तथा ताइक्वांडो का विवेकानन्द ग्लोबल विश्वविद्यालय, जयपुर में 1 से 5 दिसंबर तक प्रस्तावित है। कुश्ती प्रतियोगिता पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में 20 से 28 फरवरी 2027 तथा योगासन प्रतियोगिता गुजरात विश्वविद्यालय में 22 से 27 फरवरी 2027 को प्रस्तावित है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार संबंधित खेल में न्यूनतम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके अथवा उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में अवसर दिया जाएगा। चयन के लिए खिलाड़ियों को हाईस्कूल से वर्तमान कक्षा तक के शैक्षणिक अभिलेख, आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार के चार फोटो उपलब्ध कराने होंगे। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथियों पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल