वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। पूजन के उपरांत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी सहित प्रदेश में हुए विकास और सुशासन की सराहना की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज की
काशी एक नए स्वरूप में नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में व्यापक परिवर्तन हुआ है, जो सड़कों, घाटों, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशासनिक नीतियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और काशी अपराध-मुक्त वातावरण की ओर अग्रसर हुई है, जिससे आमजन निर्भय होकर दिन-रात आवागमन कर पा रहे हैं। दर्शन-पूजन के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन से अद्भुत शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। काशी का वातावरण श्रद्धा, सुकून और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देता है। गौरतलब है कि काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर परियोजना के पूर्ण होने के बाद वाराणसी में पर्यटन, सुविधाओं और नगरीय विकास को नई गति मिली है। इसे केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शुमार किया जा रहा है। पंकज चौधरी का यह दौरा विकास और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों को मजबूती देने वाला माना जा रहा है।









