वाराणसी। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चीब शनिवार को सड़क मार्ग से वाराणसी पहुंचे। यहां महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं एवं नारों के साथ स्वागत किया। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने प्रयागराज में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की तथा संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए उदय भानु चीब ने कहा कि काशी केवल धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी ही नहीं, बल्कि देश की शैक्षिक, बौद्धिक चेतना और छात्र आंदोलनों की भी महत्वपूर्ण भूमि रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं की समस्याओं तथा आकांक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि देश का छात्र वर्ग पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा के बढ़ते खर्च और विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक माहौल जैसे अनेक मुद्दों से जूझ रहा है। भारतीय युवा कांग्रेस इन विषयों को मजबूती से उठाते हुए छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंचकर अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का काशी आगमन संगठन के लिए प्रेरणादायी है। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रयागराज में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि वाराणसी महानगर युवा कांग्रेस प्रत्येक महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और छात्र-युवा समुदाय तक पहुंचकर कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर रोशनी जायसवाल, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, आशुतोष श्रीवास्तव, उत्कर्ष पांडेय, आयुष पटेल, ईशान पटेल, मदन कन्नौजिया, अंकित तिवारी, सुप्रिति यादव, कुशल जायसवाल, अजय सिंह, माधव कृष्णा, प्रकाश शर्मा, सुजान खान, युवराज पांडेय, सुमित गुप्ता, आलोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








