वाराणसी। काशी की जानी-मानी समाजसेवी श्रीमती तारा देवी (90 वर्ष) का अपने आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से केसरवानी समाज सहित नगर के सामाजिक और व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वह केसरवानी वैश्य नगर सभा, वाराणसी के उपाध्यक्ष तथा दशाश्वमेध व्यापार मंडल के सदस्य की माता थीं। दिवंगत तारा देवी की शवयात्रा उनके आवास से निकली, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई हरिश्चंद्र घाट पहुँची, जहाँ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र अशोक केसरी ने दी। शवयात्रा में दशाश्वमेध व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान, दिलीप तुलस्यान, विजय त्रिवेदी, क्षेत्रीय पार्षद सहित केसरवानी समाज के पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग एवं काशी के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि श्रीमती तारा देवी जीवनपर्यंत सामाजिक सेवा में सक्रिय रहीं। उन्होंने निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके सरल स्वभाव, सेवा भावना और परोपकार के कार्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा। नगर के सामाजिक संगठनों एवं व्यापार मंडलों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है ।









