लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पान खेड़ा (शिवरी) निवासी केशन लोधी ने थाना काकोरी में प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे की है, जब वह रास्ते में बाधा बन रहे बेरी के पेड़ की छंटाई कर रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रार्थना पत्र में गांव के ही छत्रपाल यादव, उनके पुत्र चन्द्रभान यादव, सूरज यादव तथा छत्रपाल यादव के भतीजे सुनील यादव (पुत्र हरीश चन्द्र यादव) सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है।

हमले में केशन लोधी को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।









