वाराणसी, 25 अगस्त। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हर प्रसाद गुप्त इंक्यूबेशन फाउंडेशन (एचपीजीआईएफ) की पहल पर हैप्पी लाइफ टेक्नोसॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड में इंटर्नशिप पूरी करने वाले एमबीए के 20 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों ने उद्योग जगत के कार्य वातावरण को करीब से समझने के साथ विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया।
फाउंडेशन के निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ ने कहा कि विश्वविद्यालयों के इंक्यूबेशन सेंटर और स्टार्टअप विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव, उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटर्नशिप के दौरान अर्जित अनुभव और कौशल का उपयोग अपने करियर को बेहतर दिशा देने में करने का आह्वान किया।
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को मानव संसाधन, विपणन, शोध, टीमवर्क और पेशेवर संचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिला। हैप्पी लाइफ टेक्नोसॉफ्ट की ओर से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री एक्सपोजर, कौशल विकास, लाइफ स्किल्स और रोजगारपरक अनुभव प्रदान किया गया।

कंपनी के निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि स्टार्टअप और विश्वविद्यालय के बीच सहयोग विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकता है। कॉलेज स्तर पर ही वास्तविक कार्य-अनुभव और इंडस्ट्री एक्सपोजर मिलने से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता में वृद्धि होती है।
20 विद्यार्थियों की इंटर्नशिप पूर्ण होना हर प्रसाद गुप्त इंक्यूबेशन फाउंडेशन, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और हैप्पी लाइफ टेक्नोसॉफ्ट के बीच शिक्षा एवं स्टार्टअप क्षेत्र में सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।










