Follow us on

Home » प्रयागराज » आयुष इंटर्न चिकित्सकों के हक की निर्णायक लड़ाई: विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने मुख्यमंत्री से मांगा MBBS/BDS के बराबर 25 हजार रुपये मासिक भत्ता

आयुष इंटर्न चिकित्सकों के हक की निर्णायक लड़ाई: विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने मुख्यमंत्री से मांगा MBBS/BDS के बराबर 25 हजार रुपये मासिक भत्ता

Share this post:

प्रयागराज। आयुष इंटर्न चिकित्सकों को मिलने वाले चिकित्सकीय भत्ते में समानता और न्याय की मांग को लेकर प्रयागराज शहर उत्तरी के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता इं. हर्षवर्धन बाजपेई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण पहल की है। विधायक ने आयुष इंटर्न चिकित्सकों का चिकित्सकीय भत्ता वर्तमान 7,500 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर MBBS एवं BDS इंटर्न चिकित्सकों के समान 25,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की है।

विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में आयुष इंटर्न चिकित्सकों को मात्र 7,500 रुपये प्रतिमाह चिकित्सकीय भत्ता दिया जा रहा है, जबकि चिकित्सा क्षेत्र में प्रशिक्षण और सेवाओं के दौरान उनसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कराया जाता है। उन्होंने इस स्थिति को आयुष इंटर्न चिकित्सकों के साथ लंबे समय से चली आ रही आर्थिक असमानता का विषय बताते हुए मुख्यमंत्री से न्यायोचित निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि कोविड काल के दौरान MBBS एवं BDS इंटर्न चिकित्सकों का भत्ता 7,500 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह किया गया था। उसी समय से आयुष इंटर्न चिकित्सकों द्वारा भी अपने चिकित्सकीय भत्ते को बढ़ाकर कम से कम 12,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग लगातार उठाई जाती रही, लेकिन इस दिशा में अभी तक अपेक्षित निर्णय नहीं हो सका।

विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि वर्तमान में MBBS एवं BDS इंटर्न चिकित्सकों का चिकित्सकीय भत्ता बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जबकि आयुष पद्धति से जुड़े इंटर्न चिकित्सक अभी भी 7,500 रुपये प्रतिमाह के भत्ते पर प्रशिक्षण अवधि पूरी कर रहे हैं। दोनों वर्गों के बीच भत्ते में यह बड़ा अंतर आयुष इंटर्न चिकित्सकों में निराशा और असंतोष का कारण बन रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि आयुष इंटर्न चिकित्सकों के प्रार्थना पत्र एवं उनकी मांगों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए उनके चिकित्सकीय भत्ते को भी MBBS एवं BDS इंटर्न चिकित्सकों के समान 25 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने का निर्णय लिया जाए।

विधायक ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धतियां देश की प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं। आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े युवा चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में प्रशिक्षणरत आयुष इंटर्न चिकित्सकों को आर्थिक रूप से सम्मानजनक और समान अवसर उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपेक्षा जताई कि सरकार इस मामले में सकारात्मक और संवेदनशील निर्णय लेते हुए आयुष इंटर्न चिकित्सकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी। विधायक की इस पहल को आयुष इंटर्न चिकित्सकों के आर्थिक हितों और समानता के अधिकार से जुड़े एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x