Follow us on

Home » संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय » कुलपति ने छात्रावास निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

कुलपति ने छात्रावास निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

Share this post:

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने सोमवार को श्रमण विद्या संकाय एवं उससे संबद्ध अंतरराष्ट्रीय छात्रावास में एयरपोर्ट अथॉरिटी, बाबतपुर के सीएसआर फंड से संचालित जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुविधाओं एवं संसाधनों को और अधिक व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि श्रमण विद्या संकाय परिसर स्थित अंतरराष्ट्रीय छात्रावास देश-विदेश से आने वाले विद्यार्थियों के आवास एवं अध्ययन का प्रमुख केन्द्र है। वर्तमान में इसका उच्चस्तरीय नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य तीव्र गति से संचालित है, जिसे आगामी दो माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि श्रमण विद्या संकाय विश्वविद्यालय की विशिष्ट शैक्षणिक इकाइयों में से एक है, जहाँ बुद्ध दर्शन, पालि, प्राकृत, जैनागम तथा संस्कृत विद्या जैसे भारतीय ज्ञान परम्परा के महत्वपूर्ण आयामों का अध्ययन-अध्यापन किया जाता है। यहाँ अध्ययनरत विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक संसाधन एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी शिक्षण संस्थान की आत्मा होते हैं। यदि उन्हें श्रेष्ठ वातावरण, आधुनिक संसाधन और अनुकूल सुविधाएँ प्राप्त हों तो उनका अध्ययन, शोध एवं व्यक्तित्व विकास भी उत्कृष्ट स्तर का होता है। ऐसे विद्यार्थी आगे चलकर भारतीय ज्ञान परम्परा की समृद्ध शास्त्रीय धारा को विश्व के विभिन्न देशों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं।

कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि उनके लिए यह विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि माँ वाग्देवी का पावन मंदिर है। एक सेवक के रूप में उनकी प्रतिबद्धता विश्वविद्यालय के समग्र एवं चतुर्मुखी विकास के प्रति है। इसी दृष्टि से शैक्षणिक भवनों, छात्रावासों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की योजनाओं पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि श्रमण विद्या संकाय एवं अंतरराष्ट्रीय छात्रावास के जीर्णोद्धार के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अन्य छात्रावासों के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। गंगानाथ झा छात्रावास सहित अन्य छात्रावासों के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण की कार्ययोजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के उच्च मानकों के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक विकास कार्य विद्यार्थियों के हित, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा भारतीय ज्ञान परम्परा के वैश्विक प्रसार की भावना से प्रेरित है।

इस अवसर पर छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, डॉ. रविशंकर पाण्डेय, ई. पीयूष पाणी मिश्र, प्रभुनाथ यादव, निर्माण एजेंसी के कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x