वाराणसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (आईपीएस) ने शुक्रवार को वाराणसी स्थित 95वीं बटालियन का व्यापक निरीक्षण करते हुए श्री काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा ग्रिड का बारीकी से परीक्षण कर अधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, अभेद्य एवं सतर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विशेष महानिदेशक ने कहा कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों से हर परिस्थिति में उच्च स्तर की सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान उन्होंने 95वीं बटालियन परिसर में नवनिर्मित ‘सैनिक भोजनालय (ओआरएस मेस)’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ मध्य सेक्टर, लखनऊ के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, चंदौली रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक संजय कुमार सिंह तथा 95वीं बटालियन के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दीपक कुमार ने 95वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों की कार्यकुशलता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बटालियन सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, योग शिविर तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाकर सीआरपीएफ की जनहितैषी छवि को सशक्त बना रही है।
विशेष महानिदेशक के दौरे और मार्गदर्शन से 95वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों का मनोबल बढ़ा तथा उन्होंने सुरक्षा दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।










