वाराणसी। पाल विकास समिति के तत्वावधान में पाल, बघेल एवं धनगर समाज द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर लोककल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत अहिल्याबाई घाट से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने गंगाजल लेकर सर्वप्रथम अहिलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद बड़ी संख्या में पाल, बघेल एवं धनगर समाज के महिला-पुरुष और बच्चे जल कलश लेकर दशाश्वमेध, गौदोलिया एवं बांसफाटक मार्ग से होते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
महानगर अध्यक्ष संतोष कुमार पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने काशी सहित देशभर में अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्य कराए थे। उनके योगदान को देखते हुए शासन से मांग की गई है कि उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। साथ ही गौदोलिया चौराहे का नाम “अहिल्याबाई चौराहा” रखा जाए तथा अहिल्याबाई द्वारा निर्मित धर्मशाला को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर पाल समाज को सुपुर्द किया जाए। उन्होंने मोहनसराय द्वार का नाम “अहिल्याबाई द्वार” किए जाने एवं काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास में पाल समाज के एक प्रतिनिधि को सदस्य बनाए जाने की भी मांग उठाई।

जलाभिषेक कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र पाल पिंटू, जिलाध्यक्ष मन्नालाल पाल, नरेंद्र पाल, रामचंद्र पाल, डॉ. आर.जे. पाल, डॉ. बी.एन. पाल, राहुल पाल, कमलेश पाल, सुभाष पाल, प्रदीप पाल, नत्थू पाल, मीडिया प्रभारी संतोष पाल, मृत्युंजय पाल ‘मोनू’, चंद्रशेखर पाल, संजय पाल, संजीव पाल, रमेश पाल, झूरी पाल, ओमप्रकाश पाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।









