वाराणसी। अखिल भारतीय सनातन न्यास, जैतपुरा के तत्वावधान में विश्व कल्याण, राष्ट्रहित तथा देश में सुख-समृद्धि की कामना को लेकर नौ दिवसीय मानस नवाह्न पारायण यज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु बालक देवाचार्य महाराज के श्रीमुख से होगा। अधिमास में आयोजित होने वाली इस रामकथा को विशेष धार्मिक महत्व का बताया गया है।
शनिवार को पातालपुरी मठ में आयोजित पत्रकार वार्ता में न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा का शुभारंभ 1 जून, सोमवार से होगा। इस अवसर पर प्रातः 7:30 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जैतपुरा स्थित मां बागेश्वरी देवी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर जैतपुरा, नागकुआं, डिगिया प्लाट, राजापुरा एवं गोपाल बाग कॉलोनी होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंचेगी।
शोभायात्रा में 101 सौभाग्यवती महिलाएं सिर पर कलश एवं नारियल धारण कर शामिल होंगी। इसके साथ ही डमरू दल, बच्चे, महिलाएं एवं पुरुष रामनाम संकीर्तन करते हुए तथा “सनातन धर्म की जय”, “प्रभु श्रीराम की जय” और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ यात्रा में सहभागिता करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार कथा स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पुष्पों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल तथा प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

कथा के मुख्य यजमान रवि प्रकाश जायसवाल अपनी धर्मपत्नी ममता जायसवाल के साथ पोथी लेकर शोभायात्रा में शामिल होंगे। मानस मर्मज्ञ जगतगुरु बालक देवाचार्य महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में सायंकाल 7 बजे कथा पंडाल में पूज्य संतों के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ श्रीराम कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। कथा के दौरान प्रतिदिन भजन, संकीर्तन एवं धार्मिक प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन उपरांत दसवें दिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से डॉ. अजय जायसवाल, राजेश सेठ, रविशंकर सिंह, रवि प्रकाश जायसवाल, गिरीशचंद्र वर्मा, किशोर सेठ, वतन कुशवाहा एवं सुजीत जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।









