वाराणसी। हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर इण्डियन एसोसिएशन ऑफ जनर्लिस्ट (आईएजे) एवं सामाजिक विज्ञान विभाग, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित योग साधना केंद्र में राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी “वर्तमान वैश्विक संकट : मीडिया की भूमिका” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश, समाज और मीडिया के विविध विषयों पर गहन विचार-विमर्श के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. श्यामसुंदर अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि काशीरत्न प्रो. ओम प्रकाश शर्मा (वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट) एवं श्रीमती संतोषी शुक्ला (शैक्षणिक सेविका) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने की। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन आईएजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कैलाश सिंह विकास ने किया।
इस अवसर पर काशी की विश्वप्रसिद्ध मॉडल एवं मिसेज एशिया विजेता विजयता सचदेवा को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान “शान-ए-काशी” अलंकरण से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

विजयता सचदेवा लंबे समय से गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक फ्री भारत अभियान के प्रति सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी उनकी पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है। इससे पूर्व भी वह “मिसेज एशिया” का खिताब जीतने के साथ अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज सेवा और जागरूकता के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। कार्यक्रम में इंजीनियर रामनरेश, आनंद सिंह, आशीर्वाद सिंह, राजू वर्मा, मोहम्मद दाऊद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









