वाराणसी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी कार्यालय परिसर में अग्निशमन व आपात सेवा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए योग प्रशिक्षण एवं तनाव प्रबंधन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर योग वेलनेस सेंटर, स्वामी विवेकानंद स्मारक राजकीय चिकित्सालय भेलूपुर के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
शिविर में योग प्रशिक्षक मनीष कुमार पाण्डेय ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन भी बेहतर होता है तथा तनाव और थकान से राहत मिलती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज तिवारी ने तनाव के कारणों, लक्षणों एवं उसके प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यों को उत्तरदायित्व समझकर करने से तनाव कम होता है। साथ ही सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग, संतुलित खानपान एवं नियमित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। मोबाइल की लत से बचाव और रिलैक्सेशन एक्सरसाइज की भी जानकारी दी गई।
शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस दौरान प्रभारी फायर स्टेशन चेतगंज दीपक सिंह एवं राहुल मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतिभागियों ने ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता में निरंतर सुधार हो सके।









