वाराणसी। स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट की यूनिट-1 एवं यूनिट-2 में रविवार को पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सेवा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में दक्षिणी विधानसभा के विधायक एवं पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी,गेल के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग तथा महंत शंकर पुरी महाराज ने संयुक्त रूप से पीएनजी सेवा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा ट्रस्ट में पीएनजी सेवा शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं और अब प्रसाद वितरण कार्य अधिक सुगम एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा।

गेल इंडिया के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग ने बताया कि ट्रस्ट की दोनों इकाइयों में पहले हर महीने लगभग 600 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता था। पीएनजी सेवा लागू होने के बाद इन सिलेंडरों का उपयोग अन्य आवश्यक स्थानों पर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गेल लगातार शहर और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों तक स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।
महंत शंकर पुरी महाराज ने कहा कि काशी की संकरी गलियों में भी तेजी से पीएनजी आपूर्ति शुरू करना सराहनीय कार्य है और इसके लिए गेल की पूरी टीम बधाई की पात्र है।
कार्यक्रम में जनार्दन शर्मा, सुशील कुमार महाप्रबंधक, प्रवीण सिंह मुख्य प्रबंधक सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, चंदन कुमार मुख्य प्रबंधक संचालन एवं अनुरक्षण, प्रवीण गौतम मुख्य प्रबंधक विपणन, देबाशीष साहू वरिष्ठ अधिकारी विपणन, प्रदीप श्रीवास्तव, राकेश तोमर सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









