वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (रेल भंडार) श्री राजीव कुमार का दौरा हुआ। इस दौरान उन्होंने बरेका कर्मशाला के विभिन्न वार्डों एवं उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कर लोको निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी नवाचारों और गुणवत्ता मानकों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान श्री राजीव कुमार ने एएसआरएस वार्ड, एमएस वार्ड, टीओटी-37 वार्ड, एचएलएस-39 वार्ड, जे-56 वार्ड तथा लोको फ्रेम शॉप का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मशाला परिसर स्थित आम के बगीचे में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सतत ऊर्जा का संदेश भी दिया।
इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका के इतिहास, लोको निर्माण प्रणाली, तकनीकी उपलब्धियों एवं उत्पादन क्षमता की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य सामग्री प्रबंधक (मुख्यालय) श्री विकास प्रसाद, मुख्य सामग्री प्रबंधक (लोको) श्री अमित वर्मा, मुख्य सामग्री प्रबंधक (इंजन) श्री आर.आर.के. सिंह, मुख्य सामग्री प्रबंधक (सामान्य) श्री सुनील आर. नंदनकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









