वाराणसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा आशुतोष पंत के नेतृत्व में बनारस रेल इंजन कारखाना में 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस-2026” अभियान का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा कर्मचारियों एवं नागरिकों को हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
इसी क्रम में शुक्रवार को प्रशासन भवन स्थित स्वागती कक्ष में पर्यावरण शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हरित पर्यावरण एवं सतत ऊर्जा के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेन्द्र अग्रवाल, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-डीजल प्रवीण कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-परियोजना कौशलेश सिंह तथा मुख्य विद्युत इंजीनियर-निरीक्षण भारद्वाज चौधरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।










