वाराणसी। प्रजापति (कु.) हितकारिणी सभा, प्रजापति बाग, नई पोखरी की प्रबंध समिति के त्रिवर्षीय चुनाव की औपचारिक अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गई। चुनाव की घोषणा के साथ ही संस्था के सदस्यों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। सहायक निबंधक फर्म्स, सोसायटी एवं चिट्स, वाराणसी कार्यालय के सूचनापट्ट पर भी चुनाव संबंधी अधिसूचना चस्पा कर दी गई है।
संरक्षक मंडल की 12 मई को आयोजित बैठक में चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 12 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। समिति में डॉ. रामनयन वर्मा को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि चेखुर प्रसाद, विनोद वर्मा, राजेंद्र चक्रवाल “राजू” एवं गुलाब प्रसाद को सहायक चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त कृष्ण कुमार को पीठासीन अधिकारी, नवीन एवं काजल को मतदान अधिकारी तथा संजय कुमार प्रजापति को मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मतगणना कार्य में उनके साथ तीन सहायक भी तैनात रहेंगे।
संस्था के मूल भवन सी.20/4 प्रजापति बाग में चल रहे विवाद को देखते हुए चुनाव प्रक्रिया को विवादमुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सभी चुनावी कार्यक्रम मैदागिन स्थित प्रजापति धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे। संरक्षक मंडल का कहना है कि इससे मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सकेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 एवं 20 मई को नामांकन पत्रों की बिक्री और जमा करने की प्रक्रिया चलेगी। 21 मई को नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) की जाएगी, जबकि 22 मई को नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य संपन्न होगा। यदि आवश्यक हुआ तो 24 मई 2026 को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना, परिणाम घोषणा तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
संरक्षक मंडल ने संस्था के सभी मतदाताओं एवं सदस्यों से लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत बनाने हेतु चुनाव में सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी करने की अपील की है। संस्था के वरिष्ठ सदस्यों का मानना है कि यह चुनाव सभा के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।









