वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के गोमती ज़ोन में अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र के निर्देशन में शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान राष्ट्रीय व राज्य मार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटवाया गया, वहीं गलत लेन में चल रहे भारी वाहनों (ट्रक व ट्रेलर) के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखना रहा।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 214 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 80 दोपहिया, 30 तीनपहिया, 56 चारपहिया और 48 भारी वाहन शामिल हैं। इसके अलावा एक दोपहिया वाहन को सीज भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल चालान या सीज की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।










