वाराणसी। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद् काशी प्रदेश, प्रान्त उत्तर मध्य क्षेत्र द्वितीय की नीलकण्ठ शाखा द्वारा सेवा कार्य के तहत द्वितीय निःशुल्क प्याऊ का शुभारम्भ किया गया। यह आयोजन महापुरुष जयन्ती श्रृंखला के अंतर्गत भगवान परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर किया गया।
सेवा गतिविधि संयोजक राजीव गुप्ता के नेतृत्व एवं कार्यक्रम संयोजक श्याम जी सेठ के संयोजन में गोविन्दपुरा बाजार स्थित गोविन्द महादेव मंदिर के समीप प्याऊ की व्यवस्था की गई। यहां राहगीरों को शीतल जल के साथ गुड़ वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की जा रही है।
इस सेवा कार्य की देखरेख विष्णु सेठ द्वारा की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान वित्त सचिव (कोषाध्यक्ष) सतीश सिंह, केशव प्रसाद सेठ, विक्की वर्मा, अनिल सेठ एवं रामबाबू केशरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रान्तीय सचिव एवं निवर्तमान शाखाध्यक्ष कमल कुमार सिंह ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया जैसे पावन पर्व पर भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।









