वाराणसी। महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। माहेश्वरी क्लब, रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर, इनरव्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर, रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स तथा भारत विकास परिषद के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 165 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का संचालन ‘रक्त पुरुष’ के नाम से प्रसिद्ध रवि सारडा के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी गिरिराज मूंदड़ा एवं कार्तिक बजाज ने संभाली। कार्यक्रम में महेश्वरी क्लब के अध्यक्ष बाल किशन असावा, मंत्री पीयूष लखानी, कोषाध्यक्ष शुभम साबू, स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभारी निलेश चांडक एवं अभिनव सोमानी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका सम्मान किया।
महेश्वरी समाज के अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में बड़ी संख्या में प्रथम बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने भाग लिया, जो जागरूकता अभियान की सफलता का संकेत रहा। विशेष आकर्षण के रूप में एक दादी और उनके पोते ने एक साथ रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

यह रक्तदान शिविर माहेश्वरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष जीतू चांडक एवं मनीष चांडक के पिता स्वर्गीय कुंदन लाल चांडक की स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर में गौरीशंकर नेवर, किशोर मूंदड़ा, लोकेंद्र करवा, धीरज मल, पवन धूत, राकेश दरक, मनीष माहेश्वरी, वरुण मूंदड़ा, राजेश बाहेती, गिरिराज कोठारी, महेश झवर, गोपाल दम्मानी, अदिति बिसानी, कविता झवर, सुमन मूंदड़ा, आशीष सोनी, सौरभ करनानी, महेश चंद्र माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।









