वाराणसी। भारत विकास परिषद्, काशी प्रदेश प्रांत उत्तर मध्य क्षेत्र द्वितीय की नीलकंठ शाखा द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर भोजूबीर स्थित आर्य समाज परिसर में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दंत जांच एवं उपचार का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का संचालन वाराणसी डेंटल क्लीनिक, रामलीला मैदान भोजूबीर के संचालक डॉ. अंशुमान वर्मा के नेतृत्व में किया गया। गतिविधि संयोजक राजीव गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस सेवा कार्य में कार्यक्रम संयोजिकाएँ सीमा श्रीवास्तव एवं रीमा तथा संयोजक प्रवीण श्रीवास्तव और विशाल कपूर की सक्रिय भागीदारी रही।
शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम ने मरीजों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उचित देखभाल के उपाय बताए गए। मरीजों को निःशुल्क दवाएं, माउथवॉश एवं मेडिकेटेड मंजन भी वितरित किए गए, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में प्रांतीय सचिव कमल कुमार सिंह, संरक्षक प्रवीण श्रीवास्तव, सुनील अग्रहरि, वित्त सचिव सतीश सिंह, अजय योगाचार्य, किशन सेठ सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के उपप्रधान प्रमोद आर्य आर्षेय ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे सेवा कार्यों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।









