वाराणसी। गंगापुत्र, मल्लाह व माझी समाज के लोगों ने परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हुए राजघाट से गंगा के जल मार्ग द्वारा एक भव्य बधावा यात्रा निकालकर अदलपुरा स्थित माँ शीतला दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
प्रसिद्ध समाजसेवी दुर्गा माझी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में सैकड़ों नावें शामिल रहीं, जिन पर डीजे और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। श्रद्धालु अपने-अपने घरों से मिष्ठान, फल-फूल और पूजा सामग्री लेकर माँ शीतला के दरबार में पहुंचे और समाज की उन्नति, सुख-समृद्धि एवं विकास के लिए प्रार्थना की।
दुर्गा माझी ने बताया कि यह बधावा यात्रा हर वर्ष पारंपरिक रूप से आयोजित की जाती है, जिसमें काशी ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी माझी समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और आपसी सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है, और वे हर परिस्थिति में समाज के लोगों के साथ खड़े रहते हैं।

यात्रा में बद्री प्रसाद साहनी (गोवा), पांचू साहनी, समीर साहनी, आशीष साहनी, बाबू साहनी, महेशू सहानी, भौकाल साहनी सहित सैकड़ों गंगापुत्र और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल रहीं।
गंगा के जल मार्ग से निकली यह भव्य यात्रा श्रद्धा, परंपरा और सामूहिक एकता का प्रतीक बनकर लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।









