वाराणसी। अस्सी स्थित रामेश्वर मठ में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ सप्ताह का भव्य समापन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर काशी धर्मपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज के पावन सानिध्य में कार्यक्रम दिव्यता से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में काशी के संत-महात्माओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा मठ परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रो. रामनारायण द्विवेदी (महामंत्री, काशी विद्वत परिषद), स्वामी सत्यानंद (महाराष्ट्र), रामेश्वर मठ के प्रभारी आनंद स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, एडवोकेट विनय तिवारी, मनोज मिश्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कथा के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज ने श्रीमद्भागवत के माध्यम से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश देते हुए समाज को धर्ममय जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को गहराई से आध्यात्मिक भावों में अभिभूत कर दिया।
समापन के उपरांत महाराज श्री काशी से मीरजापुर जनपद के गंगाहरा कला ग्राम के लिए प्रस्थान कर गए, जहां वे आगामी शिव शक्ति महायज्ञ में सम्मिलित होंगे तथा शिव महापुराण कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को अपने अमृतमयी प्रवचनों से लाभान्वित करेंगे।









