वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में एक अधिकारी सहित छह कर्मचारियों को ससम्मान भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर बरेका परिवार ने सभी सेवानिवृत्तजनों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सहायक कार्य प्रबंधक श्री संजय कुमार श्रीवास्तव, एसएसई/एम/डी श्री अरुण कुमार सिंह, एसएसई/मशीनिस्ट श्री राम केवल नोनिया, एसएसई/मशीनिस्ट श्री नरेश कुमार सिन्हा, एसएसई/टीआर श्री नंद जी चौबे एवं वरिष्ठ तकनीशियन श्री लक्ष्मण प्रसाद शामिल रहे।
समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बरेका से अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने कहा कि “आप सभी बरेका परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। आपकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण ने न केवल बरेका बल्कि भारतीय रेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपका कार्य और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।”
इससे पूर्व आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री समीर पॉल ने सभी सेवानिवृत्तजनों के स्वस्थ, सुखद एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्मिक विभाग के कल्याण अनुभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी श्री राम प्रवेश यादव द्वारा किया गया।









