वाराणसी, 31 मार्च 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन दर्ज करते हुए भारतीय रेल के औद्योगिक इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में हासिल यह उपलब्धि बरेका की तकनीकी दक्षता, उत्कृष्ट प्रबंधन और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 477 इंजनों के उत्पादन की तुलना में इस वर्ष लगभग 20 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो बरेका के निरंतर विकास को दर्शाती है।
इस वर्ष निर्मित 572 लोकोमोटिव में 558 आधुनिक विद्युत इंजन शामिल हैं, जिनमें 401 WAG-9 मालवाहक और 143 WAP-7 यात्री इंजन के साथ 14 अमृत भारत लोको शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 10 डीजल लोकोमोटिव मोजांबिक को निर्यात किए गए, जबकि 4 डीजल इंजन घरेलू उपयोग के लिए बनाए गए।

विशेष बात यह रही कि 553 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लक्ष्य के मुकाबले 558 का उत्पादन कर बरेका ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।
स्थापना से अब तक बरेका 11,259 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 2,925 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। यह आंकड़ा भारतीय रेल की आत्मनिर्भरता में बरेका के महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है।
आधुनिक तकनीक और चालक दल की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोको कैब में वाटरलेस यूरिनल, सीएलआई सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट, डीपीडब्ल्यूसीएस तथा ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इन नवाचारों के लिए बरेका को सर्वश्रेष्ठ लोको कैब का प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बरेका ने अपनी गुणवत्ता साबित की है। UNIFE द्वारा इंटरनेशनल रेलवे इंडस्ट्री स्टैंडर्ड (IRIS) के अंतर्गत आईएसओ 22163 का सिल्वर ग्रेड प्रमाण-पत्र लगातार दूसरी बार प्रदान किया गया है।
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में भी बरेका अग्रणी है। सोलर पावर प्लांट की 3874 किलोवाट-पीक क्षमता से 41.76 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन कर लगभग 1.58 करोड़ रुपये की बचत की गई, जो कुल ऊर्जा खपत का लगभग 19.87 प्रतिशत है।
राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बरेका को रेलवे बोर्ड द्वारा “रेल मंत्री राजभाषा शील्ड” से सम्मानित किया गया है।
रेल मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बरेका को 642 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य सौंपा है।
इस उपलब्धि पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि बरेका आने वाले समय में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।









