वाराणसी। भारत विकास परिषद काशी प्रदेश, प्रांत उत्तर मध्य क्षेत्र द्वितीय द्वारा मढ़ौली (मंडुवाडीह) स्थित आलीशान पैलेस में भव्य प्रांतीय अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में काशी, आनंदम, नीलकंठ एवं साकेत शाखाओं के आतिथ्य में विभिन्न शाखाओं द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा, महासचिव प्रमोद कुमार दूबे, वित्त सचिव रमेश कुमार एवं प्रांतीय संयोजक (महिला सहभागिता) सुमन अग्निहोत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं राष्ट्रीय गतिविधि संयोजक (संस्कार) मुकेश जैन एवं राष्ट्रीय महिला सहभागिता प्रमुख अमिता जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

अमिता जैन ने विभिन्न शाखाओं के सदस्यों को “विकास रत्न” सम्मान से अलंकृत किया, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा द्वारा शाखाओं को उत्कृष्ट सेवा, संस्कार एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नीलकंठ शाखा को प्रांतीय आतिथ्य, समयबद्धता शुल्क, सामूहिक सरल विवाह आयोजन, फरवरी माह की मासिक श्रेष्ठ शाखा सहित चिकित्सा सहायता एवं वाटर कूलर स्थापना जैसे कार्यों के लिए विशेष रूप से सराहा गया।
इसके अतिरिक्त नंदिनी सिंह को प्रांतीय गतिविधि सह-संयोजक (महिला सहभागिता), संस्कार गतिविधियों में योगदान हेतु सम्मानित किया गया, वहीं राकेश मौर्य को नेत्रदान के क्षेत्र में प्रेरणादायी विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया। नीलकंठ शाखा को कुल नौ पुरस्कार प्राप्त हुए, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
समारोह में शाखा अध्यक्ष कमल कुमार सिंह, सचिव संजीव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मंजू गौतम, संरक्षक राकेश मौर्य, नंदिनी सिंह, वर्तमान अध्यक्ष रवि प्रकाश बरनवाल सहित राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीयपदाधिकारियों के साथ विभिन्न शाखाओं से लगभग दो सौ सदस्य एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं प्रेरणा के वातावरण में संपन्न हुआ।









