वाराणसी। वरिष्ठ पत्रकार स्व. मुन्नू प्रसाद पाण्डेय द्वारा स्थापित वाराणसी नागरिक संघ के तत्वावधान में राजेन्द्र प्रसाद घाट पर 34वां ‘राममय रात’ भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक समन्वय के अद्भुत वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नवोदित प्रतिभाओं के साथ-साथ शहर की नामचीन हस्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के सुपौत्र आफाक हुसैन द्वारा गंगा द्वार पर शहनाई की मंगलध्वनि से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात अतिथियों एवं वरिष्ठजनों ने भगवान श्रीराम को पुष्प अर्पित कर भव्य महाआरती उतारी। सनबीम एकेडमी के बाल कलाकारों ने पल्लवी पाण्डेय के निर्देशन में भजन प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने सराहा। वहीं भजन गायिकाओं—पल्लवी पाण्डेय, पूजा पांड्या, विदूषी वर्मा, सुमन अग्रहरि, विजय कपूर एवं अमलेश पाण्डेय ने अपने सुरों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। अंतरराष्ट्रीय सितार वादक पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सुपौत्र कृष्ण मिश्र एवं वत्स अग्निहोत्री की सितार वादन की युगल प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। अदिति चटर्जी के राममय नृत्य ने कार्यक्रम में सौंदर्य और भाव की नई छटा बिखेरी।
काव्य रस की धारा में वरिष्ठ कवि सिद्धनाथ शर्मा एवं कवि ‘चिंतित’ ने श्रीराम के चरणों में काव्य पाठ कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी हल्की रिमझिम वर्षा ने ‘इन्द्र देव’ की प्रतीकात्मक उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे माहौल और अधिक पावन हो उठा। कार्यक्रम का सफल संयोजन स्व. मुन्नू प्रसाद पाण्डेय के सुपुत्र सुरेश प्रसाद पाण्डेय ने किया, जबकि संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक सिंह ने किया। अंत में प्रकाश पुरुषोत्तम मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन भगवान श्रीराम की भव्य आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र दूबे, डॉ. कैलाश सिंह विकास, पूर्व पार्षद रवि शंकर सिंह, अनमोल तिवारी, तुषार रस्तोगी, बृजेश चंद्र पाण्डेय, रौशन कुमार, आकाश कुमार, लाला राम किशुन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









