वाराणसी। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर ट्राय टू फाइट फाउंडेशन एवं अन्नदान फाउंडेशन वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में सिगरा स्थित भारत माता मंदिर परिसर में श्रद्धा और सेवा भाव से कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में जरूरतमंद बच्चों को सहयोग प्रदान करते हुए मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 55 से अधिक बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। साथ ही 21 बालिकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोग एवं उपहार अर्पित किए गए और कन्या स्वरूप में उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में भक्तिभाव और उत्साह का माहौल बना रहा।
अन्नदान फाउंडेशन के संस्थापक आयुष कुशवाहा ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के इस विशेष अवसर पर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनके लिए सबसे बड़ा प्रसाद है।

इसी क्रम में फाउंडेशन द्वारा ‘सक्षम बेटी’ कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया, जिसका उद्देश्य वंचित बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में ट्राय टू फाइट फाउंडेशन के संस्थापक वैभव मिश्रा, सह-संस्थापक हिमांशु मिश्रा, रंजीत रंजन, प्रमुख संरक्षिका पुष्पा मिश्रा, तरुण मिश्रा, हिमांशी पाठक सहित अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और नारी सम्मान का संदेश दिया गया।









