वाराणसी, 27 मार्च 2026।बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बराकास) की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री पंत ने राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि कार्यालयों में राजभाषा संबंधी नीति-नियमों का सुचारू एवं व्यापक अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा दें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सक्रिय प्रयास करें।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में राजभाषा के उपयोग की प्रगति की समीक्षा की गई तथा हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर बरेका की प्रतिष्ठित छमाही पत्रिका “बरेका दर्पण” के 37वें अंक का लोकार्पण भी महाप्रबंधक द्वारा किया गया। पत्रिका में संस्थान की उपलब्धियों, गतिविधियों एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों को समाहित किया गया है।
इससे पूर्व मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राम जन्म चौबे ने उपस्थित अधिकारियों का स्वागत करते हुए बरेका में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे विभिन्न रचनात्मक प्रयासों एवं प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लाल जी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री अंकुर रामपाल ने किया। कार्यक्रम का समापन राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के संकल्प के साथ हुआ।









