वाराणसी। शहीद दिवस के अवसर पर सोमवार को चौबेपुर ब्लॉक के चोलापुर क्षेत्र में विचार संगोष्ठी, पदयात्रा एवं श्रमदान जैसे विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन “मेरा युवा भारत, वाराणसी” (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा अमरावती वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद दिवस देश के अमर बलिदानियों को नमन करने का दिन है। 23 मार्च 1931 को शहीद राजगुरु, सुखदेव और भगत सिंह ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए थे। उनका त्याग और बलिदान आज भी युवाओं को देशभक्ति, साहस और समर्पण की प्रेरणा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत थर्ड ऑय क्लासेज, चौबेपुर चौराहा से गौरा रोड स्थित हनुमान मंदिर तक लगभग दो किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। यह रैली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से अवगत कराते हुए शहीदों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही देश को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा श्रमदान भी रहा, जिसमें युवाओं और नागरिकों ने सामूहिक रूप से स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई और सौंदर्यीकरण किया। इस पहल का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवन राम उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में हरहुआ ब्लॉक प्रमुख विनोद उपाध्याय एवं चोलापुर सेक्टर-2 के जिला पंचायत सदस्य अंजनी नंदन पांडेय शामिल हुए। अतिथियों ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अंत में जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को निरंतर सशक्त किया जा रहा है।










