वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय संगोष्ठी का समापन शुक्रवार को प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में हुआ। 18 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित इस संगोष्ठी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्य निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व को समझा। सतर्कता विभाग की ओर से “प्रिवेंटिव विजिलेंस” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी का उद्देश्य अधिकारियों को उनके दायित्वों के निर्वहन में सतर्क, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना था। कार्यक्रम का आयोजन दो पालियों में किया गया, जिसमें प्रशासन, विद्युत, यांत्रिक एवं रसायनज्ञ प्रयोगशाला से जुड़े अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रिवेंटिव विजिलेंस के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और नियमबद्ध कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सतर्कता केवल नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से भ्रष्टाचार की रोकथाम, जोखिम प्रबंधन तथा संस्थागत पारदर्शिता को मजबूत करने के उपायों से अवगत कराया गया। समापन अवसर पर अधिकारियों ने इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।









