वाराणसी, 20 मार्च। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं महानगर उपाध्यक्ष स्व. मनीष चौबे का प्रथम स्मृति दिवस शुक्रवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धा और भावनात्मक वातावरण के बीच मनाया गया। विशेष संयोग यह रहा कि इसी दिन उनका जन्मदिन भी है, जिससे यह अवसर कांग्रेस परिवार के लिए और अधिक संवेदनशील एवं स्मरणीय बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. मनीष चौबे के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे वातावरण में श्रद्धा, सम्मान और उनके प्रति गहरी आत्मीयता का भाव स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्व. मनीष चौबे के जीवन के विभिन्न आयामों को रेखांकित करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा के सच्चे प्रतिनिधि थे। उनका पूरा जीवन संगठन की मजबूती, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। वे ऐसे जननेता थे, जो हर कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते थे और आमजन के सुख-दुख में सदैव सबसे पहले उपस्थित रहते थे।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि मनीष चौबे संगठन के मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सच्चे मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे, जिनकी कमी संगठन को हमेशा महसूस होती रहेगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि स्व. मनीष चौबे केवल एक पदाधिकारी नहीं, बल्कि कांग्रेस परिवार के अभिन्न सदस्य थे। उनका सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव उन्हें सभी के बीच लोकप्रिय बनाता था। उन्होंने कहा कि मनीष चौबे का जीवन इस बात का उदाहरण है कि राजनीति सेवा, समर्पण और विश्वास का माध्यम है, न कि केवल पद और प्रतिष्ठा का।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने यह भी कहा कि मनीष चौबे का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की अद्वितीय मिसाल रहा है। वे हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे और संगठन के हर छोटे-बड़े कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते थे। यही कारण है कि उनके निधन के बाद भी उनकी स्मृतियां और उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं को प्रेरित कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 20 मार्च 2025 को लंबी बीमारी के चलते उनका असामयिक निधन हो गया था। जन्मदिन और पुण्यतिथि के एक ही दिन पड़ने के कारण इस अवसर को कांग्रेसजनों ने स्मृति दिवस के रूप में मनाते हुए उनके जीवन और योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मनोज वर्मा ‘मनू’, सुशील पाण्डेय, विनीत चौबे, अनिल पटेल, वंदना जायसवाल, किशन यादव, रामजी गुप्ता, कृष्णा गौड़, विशाल तिवारी, विकास पाण्डेय, इमरान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









