Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » उदय प्रताप कॉलेज में विकसित भारत यूथ संसद का आयोजन

उदय प्रताप कॉलेज में विकसित भारत यूथ संसद का आयोजन

Share this post:

वाराणसी, 12 मार्च 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) के सहयोग से गुरुवार को उदय प्रताप कॉलेज, वाराणसी में “विकसित भारत यूथ संसद” का जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए 93 युवा प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए लोकतंत्र, संविधान और समकालीन राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर आयोजित यूथ संसद का मुख्य विषय “आपातकाल के 50 वर्ष – भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” रखा गया था। प्रतिभागियों ने लगभग तीन-तीन मिनट के प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके सामाजिक और राजनीतिक प्रभावों तथा भारतीय लोकतंत्र के लिए उससे मिलने वाली सीख पर अपने विचार प्रस्तुत किए। युवाओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, नागरिक अधिकारों की रक्षा और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी गंभीरता से चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित उदय प्रताप कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेन्द्र प्रताप सिंह तथा जिला युवा अधिकारी यतेन्द्र सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, तर्कशीलता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के सामाजिक, राजनीतिक और विकासात्मक विषयों पर जागरूक रहें और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में डॉ. सतीश प्रताप सिंह तथा प्रो. अग्नि प्रकाश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने आयोजन समिति के प्रमुख सदस्यों के रूप में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर प्रतिभागियों के मार्गदर्शन तक सक्रिय योगदान दिया।

प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल में प्रो. सुधीर कुमार राय, प्रो. जितेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. उमाकांत सिंह, डॉ. अतुल कुमार सिंह तथा डॉ. श्वेता सोनकर शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, प्रस्तुति की स्पष्टता, मौखिक संचार कौशल, शारीरिक भाषा, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा की शुद्धता तथा निर्धारित समय के पालन जैसे मानकों के आधार पर किया।

प्रतियोगिता के अंत में 93 प्रतिभागियों में से चयनित शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागियों में सृष्टि पांडे, सक्षम राय, स्वर्णिम सिंह, जाहनवी कुशवाह, अनिकेत मिश्रा, सात्विक त्रिपाठी, जय प्रताप सिंह, अभिनव त्रिपाठी, उत्कर्ष तिवारी तथा कृतिका पांडेय शामिल हैं।

इन सभी विजेताओं को अब लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधान सभा में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ संसद में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा, जहां वे वाराणसी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवाद और विचार-विमर्श की संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x