Follow us on

Home » ब रे का » बरेका में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य समारोह, महिला कर्मचारियों का हुआ सम्मान

बरेका में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य समारोह, महिला कर्मचारियों का हुआ सम्मान

Share this post:

वाराणसी, 12 मार्च। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बरेका सिनेमा हॉल में भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा समाज, रेलवे और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करना रहा।

समारोह का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह द्वारा मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि श्रीमती गौरी श्रीवास्तव, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय शिव वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती गौरी श्रीवास्तव ने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल और उद्योग सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के समग्र विकास और सशक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव एवं महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता समाज सेविका एवं पूर्व अध्यक्षा “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” डॉ. रचना अग्रवाल तथा डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रीमती पूजा चौधरी के निर्देशन में कुमारी खुशी शर्मा द्वारा प्रस्तुत भावनृत्य शिव वंदना, श्रीमती करुणा सिंह का प्रभावी कविता पाठ तथा श्रीमती निशा, श्रीमती दीप्ति गुप्ता और श्रीमती नीतू जैसवार द्वारा प्रस्तुत गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त नारी सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटक, समूह होली नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्या श्रीमती गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव, सचिव श्रीमती ऋतिका सिंह, श्रीमती मीनाक्षी सिंह, श्रीमती अनुजा खरे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री राम प्रवेश यादव, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव, सदस्य श्री सुशील कुमार सिंह, श्री मनीष कुमार सिंह, श्री संतोष कुमार यादव और श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती करुणा सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी श्री पीयूष मिंज ने प्रस्तुत किया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, उपलब्धियों और रचनात्मक अभिव्यक्ति का उत्सव बनकर सामने आया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x