वाराणसी। व्यापार मंडल फूलपुर के तत्वाधान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में व्यापारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र गुप्ता रहे। वहीं फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी राजकुमार गुप्ता ‘राजू’ और संजय कनौजिया ने किया।
फूलपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि होली का यह आयोजन व्यापारियों के बीच आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। समारोह में व्यापारियों ने डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में भारत की टी-20 वर्ल्ड कप जीत की खुशी भी व्यापारियों ने साझा की। इस अवसर पर राष्ट्रगान और भक्तिगीत के साथ समारोह का समापन किया गया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के संरक्षक मुन्ना चौरसिया, जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, उपाध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा, मनोज पटेल, भरत जायसवाल, भानू सेठ, सोनू सेठ, डब्लू सेठ, विकी गोंड, संजय कनौजिया सहित सैकड़ों व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।









