वाराणसी, 09 मार्च 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केन्द्रीय चिकित्सालय के सभागार में सोमवार को मेडिकल इमरजेंसी एवं ट्रामा केयर विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार का सजीव प्रसारण किया गया। इस वेबिनार को देशभर के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में प्रसारित किया गया, जिसमें चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का भी सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दोहराते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया। उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
वेबिनार के उपरांत विशेषज्ञों ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल को प्रभावी बनाने तथा नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही मेडिकल कॉलेजों और डीएनबी पाठ्यक्रमों में देशभर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में इमरजेंसी मेडिसिन एवं ट्रामा केयर की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का सुझाव भी दिया गया।

विशेषज्ञों ने पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने, स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने तथा 112 इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को एंबुलेंस और अस्पताल प्रणाली से एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अतिरिक्त डिजिटल तकनीक, प्रशिक्षित कार्यबल और उच्च स्तरीय क्लिनिकल मानकों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण का प्रमुख आधार बताया गया।
इस अवसर पर बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार सहित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने वेबिनार का सजीव प्रसारण देखा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। साथ ही जिला अस्पतालों के इमरजेंसी एवं ट्रामा केयर से जुड़े उपकरणों और सुविधाओं को उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।









