वाराणसी, 03 मार्च 2026। देश की औद्योगिक शक्ति और तकनीकी आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में उभर रहे बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का मंगलवार को अंतरराज्यीय मीडिया टीम ने व्यापक भ्रमण किया। यह विशेष मीडिया दल पत्र सूचना कार्यालय (PIB), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन कार्यक्रम के अंतर्गत वाराणसी पहुंचा था।
करीब 10 सदस्यीय मीडिया टीम कर्नाटक से उत्तर प्रदेश आई, जिसका नेतृत्व सहायक निदेशक (पीआईबी, बेंगलुरु) श्रीमती करिश्मा पंत ने किया। दल में कर्नाटक के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल रहे। भ्रमण का उद्देश्य केंद्र सरकार की विकासपरक नीतियों, आधारभूत अवसंरचना सुदृढ़ीकरण और औद्योगिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय पटल पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना था।
मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने किया। इसके पश्चात मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको श्री अरविंद कुमार जैन के मार्गदर्शन में टीम ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप और लोको टेस्ट शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान अत्याधुनिक मशीनरी, स्वचालित उत्पादन प्रणाली, उच्च स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र तथा सुदृढ़ सुरक्षा प्रोटोकॉल का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। प्रतिनिधियों ने यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोको WAP-7, मालवाहक इलेक्ट्रिक लोको WAG-9 तथा अमृत भारत लोको के निर्माण की चरणबद्ध प्रक्रिया को समझा। साथ ही गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए निर्मित किए जा रहे डीजल लोकोमोटिव के उत्पादन कार्यों की जानकारी भी दी गई।
लोको कैब की आधुनिक सुविधाएं, चालक-अनुकूल एर्गोनॉमिक डिजाइन, डिजिटल कंट्रोल सिस्टम और उन्नत सुरक्षा प्रावधानों ने मीडिया प्रतिनिधियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
भ्रमण के दौरान यह जानकारी साझा की गई कि बरेका अब तक 11 देशों को 182 डीजल लोकोमोटिव का सफल निर्यात कर चुका है। यह उपलब्धि “मेक इन इंडिया – मेक फॉर द वर्ल्ड” की संकल्पना को मूर्त रूप देने वाला सशक्त उदाहरण है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय तकनीक की बढ़ती स्वीकार्यता और विश्वसनीयता का यह स्पष्ट संकेत है।
उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको श्री सुदीप रावत ने उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली और निर्यात मानकों के अनुरूप तकनीकी परीक्षणों की विस्तृत जानकारी दी।
कारखाना भ्रमण के उपरांत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत की अध्यक्षता में संवादात्मक बैठक आयोजित हुई। महाप्रबंधक ने बरेका के गौरवशाली इतिहास, उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि, आधुनिकीकरण प्रयासों तथा निर्यात विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बरेका न केवल भारतीय रेल की बढ़ती आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है, बल्कि वैश्विक बाजार में भी भारतीय इंजीनियरिंग क्षमता का सशक्त प्रतिनिधित्व कर रहा है।
बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का तथ्यपरक एवं विस्तृत उत्तर दिया गया। संवाद अत्यंत सकारात्मक, पारदर्शी और जानकारीपूर्ण रहा।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मीडिया प्रतिनिधियों ने बरेका की उच्च उत्पादन दक्षता, अनुशासित कार्य संस्कृति, तकनीकी नवाचार और वैश्विक उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे भारतीय रेल के औद्योगिक विकास का एक सशक्त स्तंभ बताया। स्पष्ट है कि यह भ्रमण केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की औद्योगिक आत्मनिर्भरता, तकनीकी उत्कृष्टता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता के जीवंत मॉडल का साक्षात्कार था। बरेका आज उस भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है, जो न केवल अपनी जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि दुनिया की रेल पटरियों पर भी अपनी छाप छोड़ रहा है।









