वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना जंसा पुलिस ने विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराने के प्रकरण में प्रकाश में आए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत दर्ज मुकदमे में की गई है।
पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 25.02.2026 को प्रभारी निरीक्षक अनिल शर्मा के नेतृत्व में उ0नि0 आयुष कुमार ओझा (चौकी प्रभारी परमपुर), उ0नि0 ताबिश खान एवं पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 0017/2026, धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 में वांछित अभियुक्त अजय कुमार (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी खरजा अहमदपुर, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में वादी अमन सेठ ने पूर्व में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि गुलाब सिंह के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि अभियुक्त अजय कुमार द्वारा उन्हें धन का लालच देकर ईसाई धर्म में परिवर्तन के लिए बहलाया-फुसलाया जा रहा है। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के एवज में ₹40,000 देने की बात कही गई थी, जिसमें से ₹5,000 अग्रिम रूप से दिए गए थे, जबकि शेष राशि धर्म परिवर्तन के बाद देने का आश्वासन दिया गया था।

उक्त शिकायत के आधार पर थाना जंसा में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले में पूर्व में 24.01.2026 को अभियुक्त विजय कुमार (निवासी ग्राम परमन्दापुर, थाना जंसा) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के क्रम में प्रकाश में आए अजय कुमार की गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है। गोमती ज़ोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।









