वाराणसी। वाराणसी में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत अतिक्रमण, गलत दिशा में वाहन संचालन तथा बिना नम्बर प्लेट वाहनों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की गई।
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने तथा यातायात को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों एवं मुख्य सड़कों पर विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कुल 31 अभियोग पंजीकृत किए गए। वहीं, गलत दिशा में वाहन संचालन करते पाए गए एक वाहन को सीज किया गया, 21 वाहनों का चालान किया गया तथा आठ व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त बिना वैध नम्बर प्लेट के संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध भी सख्ती बरती गई। अभियान के दौरान ऐसे 33 वाहनों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना नम्बर प्लेट के वाहन कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चुनौती उत्पन्न करते हैं, इसलिए इनके विरुद्ध निरंतर अभियान जारी रहेगा।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वाराणसी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों पर मानक एवं वैध नम्बर प्लेट लगाएं तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण से बचें। जनसहयोग से ही एक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अनुशासित शहर का निर्माण संभव है।









