वाराणसी, 25 फरवरी 2026। महिला सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को थाना रोहनियां स्थित मिशन शक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी अपराधों की गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस आयुक्त ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का परीक्षण करते हुए कहा कि घरेलू हिंसा अथवा अन्य महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक सप्ताह पीड़िता से संपर्क कर फीडबैक लिया जाए। प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी महिला संबंधी प्रकरण में गुमशुदगी या एफआईआर दर्ज करने में विलंब कतई स्वीकार्य नहीं होगा। प्रत्येक मामले में अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। शिकायत दर्ज करने में टालमटोल या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। महिला अपराध के छोटे प्रकरणों में 15 दिवस के भीतर विवेचना पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए उन्होंने बच्चों की गुमशुदगी एवं महिला अपराध से जुड़े मामलों में 100 प्रतिशत एफआईआर दर्ज करने पर विशेष बल दिया। साथ ही, कार्रवाई के दौरान पीड़िता की गरिमा और मर्यादा बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा के संबंध में पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान एवं महिला हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे और शिकायत पेटिकाएं अनिवार्य रूप से स्थापित कराई जाएं। कोचिंग संस्थानों, विद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास टिप्पणी या पीछा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मिशन शक्ति केंद्र के कर्मियों को एंटी रोमियो स्क्वाड के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश देते हुए कहा गया कि वे क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर स्कूलों, कॉलेजों एवं महिला हॉस्टलों में प्रभावी चेकिंग और जागरूकता अभियान संचालित करें। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अशोभनीय कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध तत्काल व कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









