वाराणसी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लखनऊ विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मैदागिन टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह धरना आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और मोदी–योगी सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा किया गया लाठीचार्ज बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर हमला जनता की आवाज दबाने की साजिश है और कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि मोदी–योगी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने पर आमादा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग प्रदेश में दमनकारी माहौल को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस कार्यकर्ता न तो डरेंगे और न ही झुकेंगे। यह सत्याग्रह अन्याय और अहंकार के खिलाफ जनता की आवाज है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।”

सत्याग्रह कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, सतनाम सिंह, राजू राम, गिरीश पाण्डेय, हसन मेहदी कब्बन, राजेश त्रिपाठी, मनोज वर्मा, प्रमोद वर्मा, नरसिंह दास, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, आकाश त्रिपाठी, अब्दुल हमीद डोडे, विजय देवल, संतोष मौर्य, कुँवर बबलू बिन्द, अनिल चौधरी, नासिर अली, राजेंद्र प्रसाद, रितेश चौरसिया, आशुतोष पाण्डेय, प्रेमदीप तिवारी, पुलक त्रिपाठी, रतन लाल, कृष्णा गौड़, रामजी गुप्ता समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









