वाराणसी। कला, संस्कृति और सृजन की त्रिवेणी काशी एक बार फिर रंगों की भाषा में अपनी विरासत को अभिव्यक्त करने जा रही है। प्रसिद्ध कलाकार वेद प्रकाश मिश्रा की प्रेरणा से दो दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन 10 एवं 11 जनवरी को अस्सी मुमुक्षु भवन के समीप स्थित राणाजी मूवमेंट सभागार में किया जा रहा है। इस कला प्रदर्शनी का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष सुनील कुमार विश्वकर्मा, दृश्य कला संकाय के प्रो. मनीष अरोड़ा तथा महिला महाविद्यालय, ललित कला संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सहायक अध्यापक सुनील कुमार सिंह कुशवाहा के करकमलों द्वारा किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न कलात्मक विधाओं, रंगों और रेखाओं के माध्यम से समकालीन व पारंपरिक कला दृष्टि का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन न केवल युवा कलाकारों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि काशी की कलात्मक चेतना को भी नए आयाम देगा। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी समन्वयक वनिता मिढ़ा ने देते हुए कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं आम जनमानस से प्रदर्शनी में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।









