वाराणसी। अब चेहरा ढककर नहीं खरीद सकेंगे सोना-चांदी! सर्राफा बाजार ने लगाया सख्त प्रतिबंध। सोने और चांदी के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के साथ सर्राफा बाजारों में लगातार सामने आ रही लूट, चोरी और ठगी की घटनाओं ने स्वर्णकार समाज को सतर्क कर दिया है।
इन्हीं हालातों को देखते हुए उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। संघ के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष कमल कुमार सिंह एवं जिला महामंत्री किशोर कुमार सेठ के नेतृत्व में गोविंदपुरा और रेशम कटरा स्थित सर्राफा बाजारों में विशेष जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत सर्राफा दुकानों के बाहर स्टीकर चस्पा किए गए, जिन पर स्पष्ट चेतावनी लिखी गई—“मास्क, हेलमेट, बुर्का एवं हिजाब पहनकर दुकान में प्रवेश वर्जित है।”

इस निर्णय का उद्देश्य दुकानों में पहचान छिपाकर प्रवेश करने वालों पर रोक लगाना, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखना है।स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अपराधी चेहरे ढककर रेकी करते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
ऐसे में यह कदम ग्राहकों की पहचान सुनिश्चित करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम माना जा रहा है। इस पहल को सर्राफा कारोबारियों ने पूरी तरह समर्थन देते हुए इसे समय की मांग बताया।
व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से बाजार में अनुशासन कायम होगा और पुलिस प्रशासन को भी संदिग्धों की पहचान में सहयोग मिलेगा।
अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष कमल कुमार सिंह, जिला महामंत्री किशोर कुमार सेठ के साथ अनिल सेठ, श्याम जी सेठ, योगी मनोज आनंद, मोहन वर्मा, विष्णु सेठ, मनीष, राजू, रोहित वर्मा सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।









