वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को कैम्प कार्यालय पर आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। गोष्ठी के दौरान पिछली क्राइम मीटिंग में दिए गए समस्त आदेशों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके शत-प्रतिशत अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध देह व्यापार, हुक्का बार तथा जुआ जैसी गतिविधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सख्ती और प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, अवैध अतिक्रमण हटवाने तथा थानों पर उपलब्ध पुलिस बल के व्यवस्थित व प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने थानों द्वारा किए गए गुडवर्क की गहन एनालिसिस कर अपराध से जुड़े नेक्सस का पर्दाफाश करने, अभियुक्तों की वित्तीय गतिविधियों का विश्लेषण कर उनके विरुद्ध ठोस वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बड़ागांव थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई हत्या के मामले का शीघ्र अनावरण कर अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के कड़े आदेश दिए गए, ताकि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिल सके।

गैंगस्टर एक्ट, जघन्य अपराधों एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए अनावश्यक विलंब पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही साइबर रैंकिंग की समीक्षा कर थानों के प्रदर्शन, लंबित शिकायतों के निस्तारण एवं साइबर अपराधों में की गई कार्रवाई के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने समन्वय पोर्टल, सुदर्शन पोर्टल, गांडीव पोर्टल, एनसीआरपी, प्रतिबिंब पोर्टल एवं सहयोग पोर्टल के नियमित अवलोकन और प्रभावी उपयोग को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। नववर्ष को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिरों, होटलों, मॉल एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त पुलिस ड्यूटी लगाने को कहा गया, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने, कोहरे के मद्देनजर सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर त्वरित सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए। अवैध कटों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के आदेश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) श्री राजेश कुमार सिंह सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









