प्रयागराज। झूंसी थाना पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स (NTF) की संयुक्त टीम ने रविवार को नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 87 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी बाजार में कीमत 17 लाख से अधिक बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम निषाद उर्फ दत्ता (25), कंधई निषाद (24) और अजय केसरवानी (45) के रूप में हुई है, जो सभी झूंसी क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी में 42 पुड़िया स्मैक, तीन मोबाइल फोन और 735 रुपये नकद भी मिले।पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय हैं और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई का नेतृत्व चौकी प्रभारी एसआई हरिशंकर मिश्रा और एनटीएफ प्रभारी एसआई सुरेश गिरी ने किया।पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा, और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।









