वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण के मद्देनजर मरीजों की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में मंगलवार को कबीरचौरा स्थित महिला अस्पताल के एमसीएच भवन के तीसरे तल पर 106 शैय्याओं वाले वार्ड का शुभारंभ दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर किया। इस वार्ड में पुराने चिकित्सालय से भर्ती मरीजों को स्थानांतरित कर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. तिवारी ने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यदायी संस्था को इसी माह के अंत तक भवन में लिफ्ट और रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन के चौथे तल तथा इमरजेंसी भवन के शेष निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को आवागमन एवं उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में एसएसपीजी चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, अधीक्षक डॉ. अभिषेक राय, डॉ. मृदुला मलिक, डॉ. सत्येन राय, डॉ. पुष्पा सिंह, एमसीएच चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. नवल विश्वकर्मा, महिला चिकित्सालय के डॉ. राजेश्वर सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पुष्पराज सिंह, सहायक अभियंता देश दीपक गंगवार, श्वेता रंजन तथा निर्माण कार्यदायी संस्था महालासा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, गौतमबुद्ध नगर के सांगप्पा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











